दुकानें बंद कर अतिक्रमण हटाने के लिए चल रहे आंदोलन का समर्थन किया।
- फोटो : अमर उजाला
दुदही। पडरौना-सेवरही मार्ग पर स्थित गौरीश्रीराम चौराहे के पास हाट बाजार से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर हनुमान मंदिर परिसर में चल रहा धरना बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। इस बीच गौरीश्रीराम के व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को दुकानें बंद कर अतिक्रमण हटाने के लिए चल रहे आंदोलन का समर्थन किया।
गौरी श्रीराम स्थित हाट बाजार से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर गत 25 अप्रैल से ही धरना चल रहा है। धरनास्थल पर आयोजित सभा में विहिप के जिला महामंत्री दिग्विजय किशोर शाही ने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन बिना वजह इस मामले को लेकर उदासीन रवैया अपनाए हुए है।
अगर अधिकारी थोड़ी भी तत्परता दिखाते तो अतिक्रमण हट जाता और इतने लंबे समय आंदोलन चलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। अपना दल के जिलाध्यक्ष मिथिलेश पटेल ने चेतावनी दी कि जल्द ही अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो पार्टी कार्यकर्ता इस मसले को लेकर सड़क पर उतरेंगे। धरने में अजय बरनवाल, गिरीश जायसवाल, परमा यादव, मनोज खरवार, नथुनी रावत, अमरनाथ प्रसाद सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।