पडरौना। यूपी बोर्ड परीक्षा शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में बोर्ड इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। हर जिले में इंटरनेट के जानकार शिक्षकों की एक टीम बनाई जाएगी, जो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों की निगरानी करेगी।
परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अफवाह न फैल सके और विद्यार्थियों से किसी तरह का अनुचित लाभ न लिया जा सके, इस पर नजर रहेगी। टीम को कहीं भी अनुचित प्रतीत होता है, तो वह डीआईओएस को सूचित कर परिषद तक सूचना भेजेगी।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार एक लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिसमें सर्वाधिक संख्या हाईस्कूल की है। इसके लिए जिले में 152 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं। सोशल मीडिया की निगरानी के लिए आईटी के जानकार शिक्षकों की मदद ली जा रही है, जिनके सहयोग से सोशल मीडिया पर माध्यमिक शिक्षा परिषद नजर रखेगा। इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब, व्हाट्सएप, एक्स और फेसबुक समेत अन्य साइटों पर वायरल होने वाली परीक्षा सामग्री की निगरानी करेगी।