पडरौना शहर के कोतवाली के पास बिजली से लगी आग।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। शहर के कोतवाली के पास हास्पिटल मोड़ पर मंगलवार की शाम करीब सात बजे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगातार स्पार्किंग होने लगी। चिंगारी निकलते देख वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों की सूचना पर बिजली कर्मियों ने बिजली आपूर्ति बंद की। इसकी वजह से कोतवाली, कोतवाली रोड समेत आसपास मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कुछ देर बाद आए बिजली कर्मचारी मरम्मत करने में जुटे हैं। आधे शहर की आपूर्ति सात बजे से ठप है।
मंगलवार की शाम करीब सात बजे कोतवाली गेट से करीब 50 मीटर की दूर स्थित हास्पिटल मोड़ पर 11 हजार हाईटेंशन तार में चिंगारी उठने लगी। लोगों ने देखा कि पोल से लटक रहे तार आपस में टकराकर चिंगारी छोड़ रहे हैं और नीचे से धुआं निकल रहा है। कुछ देर में टप-टप की आवाज के साथ चिंगारी तेज हो गई। कोतवाली के पास सड़क पर भीड़ रहती है। तारों में स्पार्किंग से दुकानदार और राहगीर इधर-उधर भागने लगे। कोतवाली पुलिस ने तुरंत वहां पहुंची और रोड के दोनों तरफ आवागमन रोक दिया।
मौजूद लोगों ने बताया कि पहले चटाक की आवाज आई, फिर तार से आग की लपटें निकलने लगीं। लगा अभी पोल गिर जाएगा। पुलिस ने सबको दूर कर दिया, वरना कोई चपेट में आ सकता था। बड़ा हादसा टालने के लिए बिजली निगम ने तत्काल सबस्टेशन से फीडर बंद कर दिया। इसके चलते कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड, कसेरा टोली, तिलक चौक, मेन बाजार, दरबार रोड समेत आसपास मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। कुछ देर बाद आए बिजली कर्मियों ने फाल्ट हुए तार सही करने में जुटे हैं। इस संबंध में पडरौना विद्युत वितरण खंड के एक्सईएन सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कोतवाली स्थित हास्पिटल मोड़ पर एक पेड़ की डालियों के बीच हाईटेंशन तार गुजरा है। हवा के चलते पेड़ के पत्ते बिजली तार के संपर्क आ गए होंगे। इसकी वजह से बिजली तार में शॉर्ट सर्किट हुई होगी। उसकी मरम्मत कराई जा रही है। मरम्मत कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
000000