कसया। मुख्यमंत्री के 11 जुलाई को प्रस्तावित संभावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को बूंदाबांदी के बीच एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने जनसभा स्थल, हेलीपैड और पार्किंग स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कार्यक्रम स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य, मंच की व्यवस्था, हेलीपैड, वीवीआईपी एवं आमजन की पार्किंग, आवागमन मार्ग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
बारिश के बावजूद विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर डटे रहे। राजस्व विभाग की टीम ने भी स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसडीएम के साथ कानूनगो, लेखपाल सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। वहीं भाजपा नेता अमरनाथ मद्धेशिया, प्रधानाचार्य रविंद्र शर्मा, गयास आलम, लल्लन साहनी, जयप्रकाश कुमार, अजय श्रीवास्तव, गुड्डू साहनी, अजय कुमार, आदि मौजूद रहे। संवाद