कुशीनगर जिले में गंडक नदी से अवैध बालू खनन करने वालों से सांठ-गांठ रखने और अवैध वसूली के आरोप में बरवापट्टी थाने के एसओ और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। इस आरोप में इनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
बरवापट्टी थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली गंडक नदी में अवैध बालू खनन जोरों पर चल रहा है। बालू लदी ट्रालियां और अन्य वाहन पार कराने में पुलिस भी संलिप्त थी। इनका बकायदा शुल्क भी तय था, जिसे नकद लेने के बजाय एक सिपाही के खाते में मंगाया जा रहा था। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री सहित पुलिस विभाग के अफसरों को ट्वीट कर की गई थी।
रविवार की शाम को सीओ तमकुहीराज फूलचंद कन्नौजिया ने बरवापट्टी थाने जाकर इसकी जांच भी की थी। इस मामले में दोषी पाए जाने पर बरवापट्टी थाने के एसओ सुरेशचंद्र राय और सिपाही मंजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
इनके खिलाफ इस आरोप में इनके ही थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। बालू खनन के मामले में एसओ और सिपाही को निलंबित किए जाने तथा मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि एसपी धवल जायसवाल ने की है।