पडरौना। कुबेरस्थान पुलिस ने बाइक पर दो बोरे में भरकर बिहार ले जाई जा रही 10 पेटी देसी शराब बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की कीमत 22 हजार 500 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कुबेरस्थान थाने के इंस्पेक्टर अजय कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर से जंगल सिसवा की तरफ जाने वाली मार्ग पर एक शराब तस्कर अवैध शराब की खेप को बाइक से बोरे में भरकर बिहार ले जाने की फिराक में है। इस सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और वाहनों की जांच करने लगे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा तो पुलिस टीम को देखते ही भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने पकड़कर जब बाइक पर लदे बोरे की तलाशी ली तो उसमें से 10 पेटी अवैध देसी शराब, जिसकी कीमत 22 हजार 500 रुपये है, को बरामद कर लिया गया। मौके से पकड़े गए शराब तस्कर की पहचान सिकन्दर प्रसाद निवासी जंगल सिसवा थाना कुबेरस्थान के रूप में हुई है। उसके पास से शराब के अलावा बरामद बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस थाने ले आई। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।