पटहेरवा। एनएच-27 स्थित पटहेरिया में फ्लाईओवर निर्माण की धीमी रफ्तार दुकानदारों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। निर्माण स्थल के आसपास हाईवे पार करते समय हादसे का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार हादसे होने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पटहेरिया में निर्माणाधीन फ्लाईओवर से होकर गोरखपुर, बिहार, समउर और पडरौना जिला मुख्यालय की ओर वाहनों का आवागमन होता है। करीब एक साल पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। हाईवे के दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण भी अधूरा है। रजवटिया ड्रेन के आगे से पटहेरिया फ्लाईओवर तक हाईवे की एक लेन बंद कर दी गई है। ऐसे में एक ही लेन से दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन हो रहा है। इससे अक्सर जाम की स्थिति बन रही है।
वहीं, फ्लाईओवर के पास करीब 50-50 मीटर की दूरी पर दो कट बनाए गए हैं। गोरखपुर की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को ये कट आसानी से दिखाई नहीं देते। रजवटिया ड्रेन के पास तमकुही की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन बोर्ड लगाया गया है, लेकिन सामने से आने वाले चालकों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाती। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने एनएचएआई से निर्माण कार्य में तेजी लाकर फ्लाईओवर जल्द पूरा कराने की मांग की है।
-
दुकानदारों ने बयां की परेशानी
फ्लाईओवर निर्माण की धीमी गति और एनएचएआई की लापरवाही का खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। आवागमन में परेशानी के साथ हादसे का खतरा बना रहता है। निर्माण जल्द पूरा कराया जाना चाहिए, ताकि कारोबार प्रभावित न हो।
-व्यास तिवारी, दुकानदार
फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने पर लोगों को राहत की उम्मीद थी, लेकिन काम की धीमी गति से परेशानी बढ़ गई है। जिम्मेदारों को नियमित निगरानी कर अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराना चाहिए, ताकि लोगों को असुविधा से निजात मिल सके।
-ऐनुल्लाह खां, दुकानदार
कोट कुशीनगर में हाईवे पर पांच स्थानों पर फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। कार्यदायी एजेंसियों को आवागमन में लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य की लगातार समीक्षा की जा रही है। जहां दिक्कतें हैं, उन्हें दूर कर काम में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है।
-चिन्मय दुबे, साइट इंचार्ज, एनएचएआई गोरखपुर