मंसाछापर। जल जीवन मिशन में कथित भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े को लेकर विशुनपुरा ब्लॉक के नरचोचवा गांव में ग्रामीणों का धरना चार घंटे चला। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी अमरनाथ गोंड की अगुवाई में बृहस्पतिवार को धरने की सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण मान गए। नायब तहसीलदार ने अमरनाथ गोंड को जूस पिलाकर अनशन तोड़वा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन की योजना के तहत गांव में बड़े पैमाने पर अनियमितता की गई है। कागजों और पोर्टल पर गलत आंकड़े अपलोड कर 958 एफएचटीसी दर्शाए गए हैं। 475 किलोलीटर क्षमता की पानी टंकी का कार्य अधूरा होने के बावजूद फर्जी वीडब्ल्यूएससी बोर्ड लगाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया गया। दौरान ग्राम प्रशासक योगेंद्र सिंह, राजू कुशवाहा, पृथ्वीराज पाल, धर्मेंद्र चौहान, रामप्रीत गोंड, बलदेव चौहान, किशुन चौहान, राणा प्रताप, सोनू राय सहित तमाम लोग मौजूद रहे।