पडरौना। प्राचीन सिधुआ मंदिर के सुंदरीकरण के लिए शासन की ओर से 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे मंदिर परिसर में शौचालय और धर्मशाला समेत श्रद्धालुओं के लिए जरूरी व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसमें से धर्मशाला का निर्माण कार्य चल रहा है। छत डाली जानी बाकी है। सिधुआ मंदिर के मुख्य मंदिर के गर्भगृह में स्थापित बाबा सिद्धनाथ की पूजा होती है। स्थानीय लोग उन्हें गोरखपुर के बाबा गोरक्षनाथ के समकक्षीय संत मानते हैं। लोगों की मान्यता है कि मन से उनके समक्ष मांगी गई मन्नतें पूरी हो जाती हैं। इसलिए, शहर के अलावा आसपास गांव के लोग वहां मुंडन, विवाह, अनुष्ठान समेत अन्य धार्मिक आयोजन करते हैं।
इसके चलते वहां हर दिन श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। सिधुआ ग्रामसभा के प्रधान आलोक शुक्ल ने बताया कि सदर विधायक मनीष जायसवाल की पहल पर मंदिर का सुंदरीकरण के लिए शासन ने डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस धनराशि से मंदिर परिसर में शौचालय, धर्मशाला, पेयजल, बैठने के लिए बेंच, पाथवे, पार्किंग आदि लगवाने के साथ मंदिर के सुंदरीकरण के लिए अन्य सभी जरूरी कार्य किए जाएंगे।
यह निर्माण कार्य होने के बाद मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और वहां अनुष्ठान समेत अन्य धार्मिक आयोजन करने वालों को सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि मंदिर की प्रसिद्धि को देखते हुए इसकी सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव देकर शासन से पहल की गई थी। उसकी स्वीकृति मिल गई है।
निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए टेंडर पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। धर्मशाला का निर्माण करीब-करीब पूरा हो गया है। अन्य निर्माण कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।