तमकुहीरोड। कस्बे के अजयनगर में सोमवार की रात आई बरात में आर्केस्ट्रा में डांस करने को लेकर वर व वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। इसमें दोनों पक्ष के सात से अधिक लोग घायल हो गए। दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस और गांव वालों की मदद से घायलों को सेवरही सीएचसी पर भेजा गया, जहां से इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
विवाद में गंभीर रूप से घायल एक बराती को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में द्वारपूजा कराया गया। सेवरही थाना क्षेत्र के अजयनगर बभनौली निवासी शेषनाथ शर्मा के यहां सोमवार की रात को करीब 10 बजे रकबा दुलमापट्टी के बलुही टोला निवासी राजकुमार शर्मा के बेटे की बरात आई थी। गांव में बरात जहां रुकी थी, वहां से द्वारपूजा के लिए ट्राॅली-ट्रैक्टर पर आर्केस्ट्रा के साथ बराती और घराती पक्ष के लोग डांस करते हुए दरवाजे की ओर बढ़ रहे थे।
रास्ते में ट्राॅली पर चढ़कर डांस करने की जिद कुछ युवक करने लगे। इसको लेकर बराती और घराती के बीच मारपीट हो गई। मारपीट होने से अफरातफरी मच गई। आर्केस्ट्रा में डांस कर रहे कलाकार ट्राली से कूदकर भाग गए। इसमें घराती पक्ष के कल्लू अंसारी, मंजीत यादव, छोटेलाल यादव, रामभजु, ब्यास शर्मा को तो वर पक्ष के राजकुमार शर्मा, राजन शर्मा, विनोद शर्मा समेत आदि को चोटें आई हैं।
मारपीट की सूचना पर आई पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने घायलों का इलाज कर छुट्टी दे दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल वर पक्ष के विनोद शर्मा को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। सेवरही थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय का कहना है कि मामला संज्ञान में है। किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।