तमकुहीराज। जमीन बेचने के लिए रुपये लेने के बाद महिला से दुर्व्यवहार करने वाले चार आरोपियों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई है। पूर्व में कार्रवाई के लिए थाने पर तहरीर महिला ने दिया था, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गोसाईपट्टी निवासी मनोज कुमार परिवार के जीविकोपार्जन के लिए बाहर रह कर काम करते हैं। घर पर बच्चों के साथ उनकी पत्नी रहती हैं। मनोज की पत्नी से गांव के ही सुरेंद्र रावत, शिवजी रावत, दिनकर रावत व भानू रावत ने अपने घर में आयोजित लड़की की शादी के लिए जमीन बेचने का सौदा तय किया।
सौदे के मुताबिक शादी के बाद जमीन बैनामा करने का झांसा देकर आरोपियों ने पीड़ित महिला से सात लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर व नगद के लिए। प्रमाण के लिए 28 जुलाई 2022 को आरोपियों ने महिला को स्टांप पेपर पर लिखित वादा किया कि लड़की की शादी के बाद जमीन पीड़ित महिला को जमीन बैनामा कर दिया जाएगा। शादी बीतने के बाद आरोपी जमीन बैनामा करने में टाल मटोल करने लगे।
आठ फरवरी 2024 को सौदा तय किए गए जमीन को चखनी निवासी दूसरे व्यक्ति को बैनामा कर दिया। इसकी जानकारी होने के बाद पीड़ित महिला आरोपियों से अपना रुपये वापस मांगने लगी। आरोपी 8 जुलाई 2024 को गोलबंद हो पीड़िता के घर पहुंचे और पिटाई की। पीड़िता का आरोप है कि तमकुहीराज पुलिस और एसपी से मिलकर शिकायत की, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। कोर्ट के आदेश पर चार लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष सुशील शुक्ला ने बताया कि मुकदमें की विवेचना की जा रही है।