तमकुहीराज। हाईवे के रास्ते शराब तस्करी के खेल पर विराम नहीं लग रहा है। शुक्रवार को पिकअप से शराब की खेप बिहार जाने की भनक पुलिस को लगी। सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी किया तो तस्कर पिकअप छोड़कर भाग निकला और पुलिस ढूंढ़ती रही। पिकअप पर लदा देशी शराब की खेप एक गोदाम से सरकारी दुकान के लिए निकली थी जो दुकान पर न जाकर सीधे बिहार भेजा जा रहा था। पुलिस पिकअप नंबर से तस्कर को ट्रेस कर लिया है। इसकी गिरफ्तार के लिए दबिश दे रही है।
हाईवे के रास्ते शराब की खेप बिहार बड़े पैमाने पर पहुंचाई जा रही है। शराब के दुकानदार शराब बिक्री का अपना लक्ष्य पूरा करने के लिए इस खेल को अंजाम दे रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर में तमकुहीराज पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के रास्ते बिहार में शराब की खेप जाने वाला है। सक्रिय हुई पुलिस ने लोकेशन के आधार पर हाईवे से जुड़ी बिहार जाने वाली सड़क दाहूगंज- नैनुपहरू मार्ग पर वाहन चेकिंग शुरू कर दिया। पुलिस को वाहन चेकिंग करता देख कुछ दूर पहले ही पिकअप खड़ा कर शराब तस्कर भाग गया।
पुलिस ने इसका पीछा किया, लेकिन पकड़ में नहीं आया। पुलिस ने पिकअप के अंदर रखे गए 35 पेटी शराब बरामद किया। पिकअप पर बिहार प्रांत का नंबर है, इस नंबर के आधार पर तस्कर की पहचान कर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। सूत्रों की माने तो बार्डर क्षेत्र के एक शराब की दुकान के लिए गोदाम से शराब निकला था जो दुकान पर न जाकर सीधे बिहार भेजा जा रहा था। यह तो एक बानगी है, हर रोज यह खेल धड़ल्ले से हो रहा है।
बार्डर क्षेत्र व हाईवे के थानाध्यक्ष दो चार दिन पर छोटी-मोटी शराब की खेप बरामद कर उच्चाधिकारियों को गुमराह कर इस खेल को अंजाम देने वालों को सह देने में जुटे हैं। तमकुहीराज थानाध्यक्ष सुशील शुक्ला ने बताया कि पिकअप नंबर से तस्कर को ट्रेस कर लिया गया है। इसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शराब समेत पिकअप की कीमत सात लाख बताई जा रही है।