तमकुहीराज। तरयासुजान थाना क्षेत्र के बाघाचौर गांव के समीप नारायणी नदी में मंगलवार को स्नान करने गई किशोरी गहरे पानी में लापता हो गई। उसे बचाने के प्रयास में साथ गए परिवार के अन्य लोग भी नदी के तेज बहाव में डूबने लगे। लेकिन वहां मौजूद साहसी युवक ने बाकी लोगों को बचा लिया। घटना के बाद देर रात तक पुलिस कर्मी और गोताखोर किशोरी की तलाश किए, लेकिन पता नहीं चला। बुधवार को पूरे दिन इंतजार के बाद भी एसडीआरएफ की टीम नहीं पहुंची।
कसया थाना क्षेत्र के शिवपुर मठिया निवासी 12 वर्षीय रोशनी पाठक पुत्री सुनील पाठक तरयासुजान थाना क्षेत्र के गांव दनियाड़ी निवासी अवध किशोर उपाध्याय के घर ननिहाल में आई थी। मंगलवार को परिजनों के साथ नारायणी नदी में स्नान करने गई और पानी के तेज बहाव में डूबने लगी। यह देख परिजन किशोरी को बचाने के लिए गए तो वे भी डूबने लगे। नदी में स्नान कर रहा एक युवक परिजनों को बचा लिया, लेकिन किशोरी डूब गई। बुधवार सुबह से ही स्थानीय लोग एसडीआरएफ टीम की पहुंचने की आस में टकटकी लगाए रहे लेकिन टीम नहीं पहुंची।
इंस्पेक्टर तरया सुजान आशुतोष सिंह ने बताया एसडीआरएफ की टीम को सूचना भेजी गई थी। लेकिन टीम नहीं पहुंच सकी है। इसके लिए उच्चाधिकारियों से बात की जा रही है।