नदी पार फंसे दंपति को रेस्क्यू कर लाते एसडीआरएफ के जवान ।संवाद
खड्डा। गंडक नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से दियारा क्षेत्र में खेती करने गए एक दंपती फंस गए। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन सक्रिय हुआ और खड्डा में तैनात एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के नौतार जंगल निवासी विनोद साहनी पत्नी इरावती देवी के साथ दो दिन पहले गंडक नदी पार बिंन्ध्याचल पुर दियारा में खेती-किसानी के लिए गए थे। इसी दौरान नदी में अचानक आई बाढ़ से उनका घर लौटना संभव नहीं हो सका। वे दियारा में ही फंस गए। दंपती ने मोबाइल से मामले की परिजनों को दी। परिजनों ने पहले स्थानीय नाविकों से संपर्क किया, लेकिन तेज बहाव और उफनाई नदी के कारण कोई भी नाव वहां तक जाने का साहस नहीं किए। इसके बाद इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही खड्डा में तैनात एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्टीमर की सहायता से नदी पार कर दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और सकुशल उनके घर पहुंचाया। दंपती के सुरक्षित लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और प्रशासन व एसडीआरएफ की तत्परता की सराहना की।