पडरौना। दीपावली पर पूरे दिन बृहस्पतिवार को लोगों ने पटाखे की खरीदारी की। बाजार में महिलाओं ने लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा व उनके वस्त्रों की खरीदारी की। त्योहार पर शहर के बाजारों में उमड़ी भीड़ से पूरे दिन शहर में दिवाली की रौनक हर तरफ छाई है। चारों तरफ रंग-बिरंगी लाइटें जगमग हो रही हैं।
दिवाली के दिन तक बाजार में खूब चहल-पहल रही। इस बार लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खरीद में 40 फीसदी तक महंगाई देखी गई। महिलाएं दुकानदारों से मोलभाव करती नजर आईं। दुकानदार अमित सिंह ने बताया कि मिट्टी की मूर्तियां कोलकाता से मंगाई जा रही हैं, इससे उनकी कीमत बढ़ी है। रंग, रोगन, गोटा, जरी व आकर्षक मुखाकृति वाली पन्नियों में पैक मूर्तियां 150 रुपये से 1800 रुपये तक की कीमत में मौजूद हैं।
घरों को सजाने के लिए झालरों की खूब मांग रही तो वहीं मोमबत्ती व दीयों की दुकानों पर भी भीड़ रही। दुकानदारों ने बताया कि लाल, हरे व सफेद रंग की मोमबत्तियां 60 रुपये प्रति पाव यानी 240 रुपये किलो की दर से बेच रहे हैं। उधर, पूजा के फूल की मांग भी बढ़ने से बाजारों में फूलों के रेट दोगुने हो गए। 100-120 रुपये वाला गेंदा 150-160 रुपये किलो बिक रहा है। जबकि, 250-300 रुपये वाला गुलाब 400 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। बाजार में चांदी के लक्ष्मी-गणेश की भी खूब मांग रही। आभूषण व्यापारियों ने बताया कि 3000 से लेकर डेढ़ लाख तक की चांदी के लक्ष्मी व गणेश मौजूद हैं। इनमें 10-20 हजार रुपये तक की मूर्तियों की मांग ज्यादा रही।