पडरौना। शासन की तरफ से किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिले में पांच उपजिलाधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इनमें तीन नवागत अधिकारियों को विभिन्न तहसीलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दो अधिकारियों का स्थानांतरण कर नई तैनाती दी गई है।
जिला प्रशासन की तरफ से हुई नई तैनाती के अनुसार राजीव निगम को पडरौना सदर तहसील का उपजिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं विवेक मिश्रा को कसया, कुणाल गौरव को तमकुहीराज की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि तमकुहीराज की एसडीएम रहीं आकांक्षा मिश्रा को एसडीएम बनाकर कप्तानगंज भेजा गया है। इसके अलावा कसया के एसडीएम रहे डॉ. संतराज सिंह को उपजिलाधिकारी न्यायिक, पडरौना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सदर एसडीएम राजीव निगम ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने तहसील परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि तहसील परिसर में लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था नहीं है। महिला शौचालय का भी अभाव है। उन्होंने भरोसा दिया कि बहुत जल्द तहसील परिसर में पेयजल एवं महिला शौचालय की व्यवस्था करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि तहसील प्रशासन का उद्देश्य आमजन को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए कार्यालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। जनसुनवाई व्यवस्था को भी और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इस दौरान नायब तहसीलदार नवीन कुमार राय, राजस्व निरीक्षक कुबेरस्थान योगेंद्र गुप्ता, सदर लेखपाल संतोष गुप्ता, श्रीनिवास सिंह, बलराम कुशवाहा, हरिशंकर सिंह, अशोक सिंह, अरविंद कुमार, सलाउद्दी, तबरेज, परवेज, जावेद, देवनंद शर्मा आदि मौजूद रहे।