सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत
जंगल सिसवा के पास हुई थी दुर्घटना
कठकुइयां(कुशीनगर)। कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के जंगल सिसवा के पास मंगलवार देर शाम बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम जंगल सिसवा निवासी 30 वर्षीय राजेश देर शाम कठकुइयां से साइकिल से घर जा रहे थे। गांव के पास पहुंचे थे कि एक बाइक की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर जुटे गांव के लोगों को देखकर बाइक छोड़कर चालक भाग गया। राजेश की पत्नी परमिता देवी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हादसे में घायल बाइक चालक घायल
मथौली बाजार। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के अजीजनगर चौराहे पर सड़क हादसे में घायल हुए बाइक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। वह हाटा-कप्तानगंज मार्ग स्थित अजीजनगर चौराहे पर मंगलवार देर शाम घायल हो गया। देवरिया बाबू गांव के जोलहिनिया टोला निवासी सूरज सिंह हाटा की तरफ से आ रहे थे। अजीजनगर चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने उन्हें मथौली बाजार सीएचसी भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक थाने लेकर चली गई। संवाद