गौरी श्रीराम में हाट की जमीन से कब्जा हटाने के लिए बुद्धि शुद्धि यज्ञ करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
दुदही। गौरीश्रीराम चौराहे के पास हाट की जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोगों ने तहसील प्रशासन के उदासीन रवैए के प्रति नाराजगी जताते हुए शुक्रवार को बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। इस बीच शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर धरना भी जारी रहा।
विशुनपुरा थानाक्षेत्र के गौरीश्रीराम गांव निवासी भृगराशन गुप्ता 25 अप्रैल से हाट की जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर गांव के हनुमान मंदिर परिसर में धरने पर बैठे हैं।
भृगराशन ने अतिक्रमण हटाने के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने की मांग भी कर रहे हैं। इसके बावजूद तहसील प्रशासन अतिक्रमण के प्रति उदासीन रवैया अपनाए हुए है। तहसील प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए शुक्रवार को लोगों ने धरना स्थल पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया।
जिसमें अनिल राय, ललितकिशोर पांडेय, धर्मेन्द्र यादव, मिथिलेश पटेल, रामानंद कुशवाहा, अजय बरनवाल, गिरीश जायसवाल, दर्शन यादव, मनोज खरवार आदि मौजूद रहे।