देवतहाँ सीएचसी पर हुआ बवाल के बाद रोते बिलखते परिजन।संवाद
- फोटो : Samvad
पडरौना। (कुशीनगर)। सीएचसी देवतहां में मंगलवार को सर्पदेश से किशोर की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। स्थिति बिगड़ते देख कई स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। शव कब्जे में लेने के लिए पुलिस ने कई बार प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने खदेड़ दिया। लोगों का आरोप है कि डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी शराब के नशे में थे। इनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। भीड़ के तेवर को देखते हुए दो सौ से अधिक पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं। भीड़ अस्पताल गेट के बाहर जमी है। शाम साढ़े सात बजे एसडीएम के जांच कराकर कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा।
आहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी विजेंद्र सिंह के पुत्र नितेश सिंह (20) को मंगलवार सुबह करीब 11:10 बजे सांप ने काट लिया था। परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी देवतहां लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में उसे तत्काल इलाज देने के बजाय लाइन में खड़ा कर दिया गया और करीब 20 मिनट तक इंतजार कराया गया। परिजनों का कहना है कि बाद में मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने लापरवाही बरतते हुए उपचार में देरी की। आरोप यह भी है कि गलत तरीके से इंजेक्शन लगाए गए और करीब दो घंटे तक किशोर की हालत गंभीर रहने के बावजूद उसे रेफर नहीं किया गया। जब हालत बिगड़ गई, तब उसे गोरखपुर एम्स रेफर किया गया, जिससे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने अस्पताल में घुसकर कुर्सियां, टेबल व अन्य सामान तोड़ डाले। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हल्की झड़प व धक्का-मुक्की भी हुई।
पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही व नशे में इलाज करने का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने की मांग की। डॉक्टरों का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराने पर लोग आगजनी की धमकी दे रहे थे। सीएचसी पुलिस छावनी में तब्दील रही। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि बवाल की सूचना पर पुलिस तत्काल पहुंच गई। आक्रोशित लोगों को अस्पताल से बाहर किया। मौके पर पुलिस तैनात है।
देवतहाँ सीएचसी पर हुआ बवाल के बाद रोते बिलखते परिजन।संवाद- फोटो : Samvad
देवतहाँ सीएचसी पर हुआ बवाल के बाद रोते बिलखते परिजन।संवाद- फोटो : Samvad