कप्तानगंज। आरपीएफ ने बुधवार की देर शाम जांच पड़ताल के दौरान पिपराइच रेलवे स्टेशन से लावारिस हाल में 62 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया। रेलवे पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
कप्तानगंज रेलवे थाना के प्रभारी निरीक्षक परमेश्वर कुमार ने बताया कि कांस्टेबल दिनेश चंद यादव बुधवार की देर शाम पिपराइच रेलवे स्टेशन पर तैनात थे। गश्त के दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर एक नीले रंग की बोरी लावारिस हालत में देखी। उन्होंने वहां मौजूद यात्रियों से बोरी के बारे में पूछताछ किया तो किसी ने उसे अपना होना नहीं बताया। उन्होंने बोरी को कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें अलग-अलग ब्रांड के 62 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक ने बताया बरामद शराब को कब्जे में लेकर आबकारी विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है।