कसया। जिला मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सेंटर (सखी सेंटर) में बृहस्पतिवार को रोटरी क्लब कुशीनगर की ओर से आरओ वाटर प्यूरीफायर भेंट किया गया। इसका उद्देश्य सेंटर में आश्रय ले रहीं महिलाओं और बालिकाओं को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है।
वन स्टॉप सेंटर में वर्तमान में 21 पीड़ित महिलाएं प्रवास कर रही हैं। विभिन्न परिस्थितियों से प्रभावित इन महिलाओं को सेंटर में सुरक्षित आश्रय के साथ चिकित्सकीय, परामर्श, विधिक और पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में शुद्ध पेयजल की सुविधा उनके स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। रोटरी क्लब के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं के लिए छोटी-सी सुविधा भी बड़ी राहत बन सकती है। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा मानवीय प्रयास है।
वन स्टॉप सेंटर हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सुरक्षित आश्रय के साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करता है। रोटरी क्लब की ओर से की गई यह पहल सेंटर में रह रही महिलाओं के लिए सुविधा और राहत बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। इस दौरान रोटरी क्लब के सह-संरक्षक वाहिद अली, अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कृष्ण द्विवेदी, सत्येंद्र राय, नलिन सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।