पडरौना। सड़क सुरक्षा माह के तहत शासन के निर्देशों पर जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में सड़क सुरक्षा समिति के गठन और उसके संचालन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर तक सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।
प्रशिक्षण में जनपद के सभी विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सहित पंचायत से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि सड़क सुरक्षा केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। प्रशिक्षण सत्र में कैशलेस उपचार सुविधा, हिट एंड रन सोलैशियम योजना, राहगीर योजना, अनाधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण, वाहन चलाते समय हेल्मेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने, कोहरे में धीमी गति से वाहन संचालन तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली व मालवाहक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य रूप से कराया जाए।