पडरौना। मानव कल्याण केंद्र के तरफ से नगर के जूनियर हाईस्कूल परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नगर पालिका परिषद पडरौना के चेयरमैन पद के उम्मीदवारों से मतदाताओं ने शहर के विकास का रोडमैप पूछा। उम्मीदवारों ने मौका मिलने पर नगर को विकास का रोल मॉडल बनाने की बात कही।
कांग्रेस पार्टी से उम्मीदवार व निर्वतमान चेयरमैन शिवकुमारी देवी के प्रतिनिधि मनीष जायसवाल से नगर के निवासी अभिषेक ने शुद्घ पानी उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था के बारें में पूछा। इस पर मनीष ने कहा कि शहर के सुभाष चौक पर वाटर एटीएम स्थापित किया गया है। इसके अलावा पेयजल की पाइन लाइन में भी सुधार कराया गया है।
भाजपा उम्मीदवार विनय जायसवाल से अंकित ने उनकी भाभी सरोज देवी के कार्यकाल की उपलब्धियां पूछीं। इस पर विनय ने कहा कि उस कार्यकाल में शहर में पथ प्रकाश की व्यवस्था दुरूस्त की गई थी। पेयजल के लिए तीन ओवरहेड टैंक बनवाए गए थे। बसपा उम्मीदवार इंद्रजीत जायसवाल से संजय ने सवाल पूछा कि आप चेयरमैन बनने पर क्या कार्य करेंगे। इंद्रजीत जायसवाल ने इसका जवाब देते हुए कहा कि नगर पालिका के पिछले कार्यकालों में हुए घोटालों की जांच कराएंगे। इसके अलावा जन समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता देंगे।