पडरौना। निकाय चुनाव के मत पत्र (बैलेट पेपर) पोलिंग पार्टियों को सौंपने के लिए रविवार को पडरौना तहसील में इनकी बूथवार गिनती करके पैकिंग की गई। इसके लिए सभी आरओ और एआरओ अपने साथ कर्मचारी लेकर आए थे। इन बैलेट पेपर को मंगलवार के दिन पोलिंग पार्टियों को रवाना करते समय सौंपा जाएगा। इससे पहले सीडीओ की अध्यक्षता में सभी आरओ और एआरओ की मौजूदगी में बैठक हुई, जिसमें मतपत्रों की पैकिंग और उनके रख रखाव के संबंध में जानकारी दी गई।
सीडीओ कृष्ण कुमार गुप्त ने बैठक में कहा कि मतपत्रों की गिनती और उनकी पैकिंग बहुत ही जिम्मेदारी का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की गलती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गिने गए बैलेट पेपर की क्रॉस चेकिंग करने का भी निर्देश दिया। सीडीओ ने यह भी कहा कि जनपद की तीन नगरपालिका और चार नगर पंचायतों में 29 नवंबर को मतदान होना है। मंगलवार को पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। उस दिन पोलिंग पार्टियों को बैलेट पेपर और मतपेटियों के साथ रवाना किया जाएगा।
उसके बाद पडरौना तहसील सभागार में छह तहसीलों के एसडीएम, सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार और आरओ व एआरओ की मौजूदगी में बैलेट पेपर की गिनती करके उनकी पैकिंग शुरू कर दी गई। अध्यक्ष और सदस्य के मत पत्र सभी वार्डों में मतदाताओं की संख्या के आधार पर गिनकर पैक किए गए। साथ में मौजूद राजस्वकर्मी और अन्य कर्मचारी इसकी क्रॉस चेकिंग भी कर रहे थे।