पडरौना। शहर के नोनियपट्टी स्थित रेलवे फाटक संख्या-67 पर बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर तैयारी तेज कर दी गईं है। उप मुख्य इंजीनियर रेलवे वाराणसी की मांग पर शुक्रवार को राजस्व की छह सदस्यीय टीम ने सड़क की पैमाइश की। इस दौरान करीब दस लोग अस्थाई घर बनाकर वहां रहते मिले हैं, जिन्हें राजस्व टीम ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
शहर के नोनियापट्टी के पास पूर्व ढाले पर बनने वाले आरओबी निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। कठकुइयां रोड से अंबे चौक होने वाले मार्ग से बेलवा चुंगी की तरफ से जाने वाली मोड़ तक आरओबी का निर्माण होगा। 8.5 मीटर चौड़ाई में बनने वाली आरओबी की कुल लंबाई 603 मीटर होगी। इसका निर्माण एल आकार में होगा। इसके निर्माण के लिए रेलवे के अलावा करीब 250 मीटर गैर रेलवे की भूमि भी रास्ते में आ रही है। इसको देखते हुए उप मुख्य इंजीनियर रेलवे वाराणसी की मांग पर बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार शैलेश सिंह की अगुवाई में छह सदस्यीय जांच टीम गठित की थी।
एसडीएम के निर्देश पर शुक्रवार को रेलवे के प्रतिनिधि पीके मिश्र की मौजूदगी में राजस्व निरीक्षक अरविंद पति त्रिपाठी, लेखपाल योगेंद्र गुप्त, वंशबहादुर यादव, गजेंद्र प्रताप सिंह, अग्निवेश पांडेय और रामदर्शन शर्मा ने करीब 500 मीटर सड़क की पैमाइश की। इस दौरान सड़क की जमीन पर करीब 10 लोगों के अस्थाई अतिक्रमण मिले। उन्हें आरओबी निर्माण शुरू होने से पहले अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व टीम ने निर्देश दिए। सदर एसडीएम व्यास नारायण ने बताया कि आरओबी निर्माण के लिए सड़क का सीमांकन किया गया है। करीब दस लोगों के अतिक्रमण मिले हैं। संबंधित अतिक्रमणकारियों को निर्माण कार्य शुरू होने से पहले हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बाद उनकी तरफ से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो प्रशासन कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।