अस्थायी कब्जा हटा लें, नहीं तो होगी कार्रवाई
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों को दी चेतावनी
कसया(कुशीनगर)। तहसील परिसर में रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें गांधी चौक से वेनेट क्लब मार्ग के व्यापारी शामिल हुए। दुकानदारों से कहा गया कि वे सड़क के किनारे से अस्थायी अतिक्रमण हटा लें, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में दुकानदारों से टीन शेड हटाने, दुकान के सामने मुकम्मल सफाई रखने, एक ही रंग से दुकानों की पेंटिंग कराने की बात कही गई। प्रशासन ने बैठक से पहले इस मार्ग की दुकानों की वीडियोग्राफी कराई थी। इसकी मदद से मौजूद दुकानदारों को बारी-बारी से उनकी कमियों को बताया गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि सड़क से हटकर सब्जी, फल की दुकानों को अन्य स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। इसमें दुकानदारों का सहयोग जरूरी है। चिह्नित स्थान पर ही दुकान लगेंगी। व्यापारी दुकान के अंदर ही सामान रखें। सड़क के किनारे गुमटी, ठेला आदि एक ही स्थान पर लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने ईओ प्रेमशंकर गुप्ता और उपस्थित जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि इसका पालन सुनिश्चित कराएं। इस दौरान वास्तुविद् नीरज कुमार वर्मा, रोशन कुशवाहा, नैमुद्दीन, जलील, गोल्डी कुशवाहा, संजय मद्धेशिया, कन्हैया मद्धेशिया, विनय, राजेंद्र जायसवाल आदि मौजूद रहे। संवाद