नेबुआ नौरंगिया। गन्ना खाली कर लौट रहे एक ट्रक को शुक्रवार दोपहर को रास्ते में घेरकर कार सवार दो लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर पुलिस दोनों पक्षों के लोगाें को थाने लाई और दोनों के आपसी सुलह-समझौता पर छोड़ दिया। मौका पाते ही थाने के बगल स्थित एक मेडिकल स्टोर पर तैनात व्यक्ति ने पुलिस के नाम पर तीन हजार रुपये की वसूली कर ली। इसकी जानकारी होने पर इंस्पेक्टर ने उसे फटकार लगाते हुए चालक को रुपये वापस कराए।
ढाड़ा चीनी मिल से गन्ना गिराकर ट्रक चालक कृष्णा (23) ट्रक लेकर खड्डा की तरफ जा रहा था। उसी दौरान पडरौना कोतवाली थाने के मिश्रौली रेलवे फाटक के पास एक कार सवार दो लोगों से ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। कार सवार लोगों ने ट्रक रोकना चाहा तो वह भागते हुए नेबुआ नौरंगिया थाने के कोटवा मोड़ पर पहुंचा। कार सवार लोगों ने वहां घेरकर ट्रक चालक की पिटाई शुरू कर दी। इसकी जानकारी होने पर इंस्पेक्टर रामसहाय चौहान ने समझौता करा दिया।
वहीं मौके का फायदा उठाते हुए मेडिकल स्टोर पर रुपये लेकर तहरीर लिखने वाला बेचू नाम का व्यक्ति पुलिस के नाम तीन हजार रुपये ऐंठ लिया। इंस्पेक्टर ने रुपये वसूली करने वाले को बुलाकर फटकार लगाई।