कप्तानगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड के विद्युतीकरण के प्रथम चरण में गोरखपुर छावनी से कप्तानगंज जंक्शन तक के कार्य का सीआरएस ने निरीक्षण किया। दो दिवसीय दौरे पर आए सीआरएस ने शनिवार को भी निरीक्षण जारी रखा। उन्होंने बताया कि इस रूट पर जल्द ही इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर छावनी से पनियहवा स्टेशन तक 96 किलोमीटर दूरी के लिए छह माह पहले ही काम शुरू करा दिया गया था।
इतनी दूरी तक इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन में 34 करोड़ रुपये का खर्च है। इसमें गोरखपुर छावनी से कप्तानगंज जंक्शन तक 40 किलोमीटर की दूरी के लिए इलेक्ट्रिक ट्रेन के संचालन का काम पूरा कर लिया गया है। अब कप्तानगंज जंक्शन से पनियहवा तक 56 किलोमीटर का कार्य अप्रैल से शुरू होगा, जिसे छह माह में पूरा करना है।
इस पर इलेक्ट्रिक इंजन के ट्रॉयल का काम पूरा होने पर गोरखपुर के सीआरएस एसके पांडेय के साथ डीआरएम एससी झा ने 30 और 31 मार्च को निरीक्षण का काम पूरा कर लिया। इन अफसरों ने विभागीय अभियंताओं के साथ हर पहलू पर सघन जांच की। सूत्रों की मानी जाए तो अप्रैल के प्रथम सप्ताह में गोरखपुर छावनी से कप्तानगंज तक इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू भी हो जाएगा। इस दौरान राजेंद्र सिंह आरपीएफ प्रभारी, सचिन ठाकुर स्टेशन मास्टर, शंभू प्रसाद, जयसिंह यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।