पडरौना। छठ पर्व के बाद यात्रियों की वापसी के लिए रेलवे प्रशासन ने मंगलवार और बुधवार को एक दिवसीय एक-एक पूजा स्पेशल ट्रेन संचालन की मंजूरी दी है। पहली ट्रेन छपरा से चलकर मंगलवार की रात 19:22 बजे पडरौना पहुंची तो दूसरी बुधवार को दिल्ली के आनंद विहार से चलकर बृहस्पतिवार की सुबह 04:34 बजे पहुंचेगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आनंद विहार टर्मिनल-छपरा वाया गोरखपुर अनारक्षित पूजा विशेष गाड़ी का संचलन छपरा से 28 अक्तूबर को और आनंद विहार टर्मिनस से 29 अक्तूबर को एक-एक फेरे के लिए संचालित होगी। उन्होंने बताया कि छपरा-आनंद विहार टर्मिनल अनारक्षित पूजा विशेष गाड़ी 28 अक्तूबर को छपरा से 15:00 बजे प्रस्थान कर मशरख, दिघवा दुबौली होते हुए थावे से 17:55 बजे, पडरौना से 19:22 बजे, रामकोला से 19:44 बजे, कप्तानगंज से 20:15 बजे और गोरखपुर से 21:25 बजे छूटेगी।
इसके बाद खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा होते हुए दूसरे दिन बुढ़वल, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार टर्मिनस 10:45 बजे पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन वापसी यात्रा के दौरान 29 अक्तूबर को आनंद विहार टर्मिनल से 13:00 बजे प्रस्थान कर गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बुढ़वल होते हुए दूसरे दिन गोंडा, बस्ती व खलीलाबाद के रास्ते गोरखपुर से सुबह 02:40 बजे, कप्तानगंज से सुबह 03:45 बजे, रामकोला से सुबह 04:12 बजे, पडरौना से सुबह 04:34 बजे, थावे से सुबह 06:30 बजे, दिघवा दुबौली से सुबह 07:30 बजे और मशरख से सुबह 07:52 बजे छूटकर छपरा 09:00 बजे पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इस गाड़ी में सामान्य द्वितीय श्रेणी/शयनयान श्रेणी के 15 और एसएलआर के दो समेत कुल 17 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।