सीएमओ कार्यालय परिसर में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन का धरना
20 दिसंबर तक चलेगा चरणबद्ध आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसेसिएशन से जुड़े फार्मासिस्टों ने शनिवार को 20 सूत्री मांगों के समर्थन में शनिवार को धरना दिया। सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना दे रहे संगठन के लोगों ने 20 दिसंबर तक अलग-अलग तरीके से चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने की घोषणा की है। इन लोगों ने सीएमओ कार्यालय परिसर में नारेबाजी की। धरने में काफी संख्या में फार्मासिस्ट शामिल हुए।
तयशुदा कार्यक्रम के तहत संगठन के अध्यक्ष अशोक कुमार यादव और मंत्री नवीन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिले भर से फार्मासिस्ट सीएमओ कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। इनकी मांग थी कि केंद्र सरकार के सीजीएचएस में कार्यरत फार्मासिस्टों की भांति एसीपी के साथ उच्च पदनाम भी दिया जाए, पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव के अनुरूप 100 बेड के चिकित्सालयों में मानक के अनुसार अधिक बेड के चिकित्सालयों का मानक बनाया जाए, ड्रग वेयर हाउस में फार्मासिस्ट एवं चीफ फार्मासिस्ट के पदों का सृजन किया जाए, प्रत्येक ट्रामा सेंटर में फार्मासिस्ट के तीन पद एवं चीफ फार्मासिस्ट के दो पद का मानक बनाकर पद सृजित किए जाए। इसके अलावा ग्रेड पे 4600 रुपये करने, एलोपैथ चिकित्सकों की अनुपस्थिति में फार्मासिस्टों को दिया जाने वाला प्रभार भत्ता 75 के स्थान पर 750 रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने, विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी का पद नाम बदलकर सहायक निदेशक फार्मेसी करने सहित 20 सूत्री मांगों को लेकर लोगों ने धरना दिया।
संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि आंदोलन चरणबद्ध तरीके से शुरू हो चुका है। अब पांच से आठ दिसंबर तक सभी फार्मासिस्ट काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। नौ से 16 दिसंबर तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। हालांकि आकस्मिक सेवाएं बाधित नहीं होंगी। 17 से 19 तारीख तक पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे। आकस्मिक सेवाएं जारी रखेंगे। 20 तारीख से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। धरने में मदन सिंह, वीपी सिंह, शैलेश तिवारी, शैलेेश पांडेय, चंद्रभान यादव, मनावर हुसैन, आरके गुप्ता, अनिल राव सहित काफी संख्या में फार्मासिस्ट शामिल थे।
मनरेगा पार्क के निर्माण के विरोध में किया प्रदर्शन
तमकुहीराज ब्लॉक के नौगांवा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। तमकुहीराज विकास खंड के ग्राम नौगावां में स्थित शिव मंदिर परिसर में मनरेगा पार्क निर्माण कराने के विरोध में शनिवार को काफी संख्या में जुटे लोगों ने नंदलाल गुप्ता विद्रोही की अगुवाई में प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि कई पीढ़ियों से इसी मैदान में खेलकूद व अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होने के साथ ही मेला का भी आयोजन होता आ रहा है।
तमकुही विकास खंड के नौगांवा में मनरेगा पार्क बनवाया जा रहा है। ग्रामीण पार्क को अन्यत्र बनवाने की मांग कर रहे हैं। यह वर्षों से बच्चों के खेलने की जगह है, जहां शिव मंदिर के साथ ही मेले का आयोजन भी होता है। लोगों का आरोप है कि मनरेगा पार्क बनने के बाद खेल व मेला की जगह नहीं बचेगी। शनिवार को गांव में पहुंचे नंदलाल गुप्ता की अगुवाई में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पार्क अन्यत्र बनाए जाने की मांग की।
इस दौरान धीरज सिंह पटेल, सावन कुमार, विनय पटेल, अंकित पटेल, आशिक पटेल, अमर गोंड़, अनूप पटेल, मिथिलेश पटेल, शिव बालक, गुड्डू कनौजिया, बुंदेला पासवान, सुग्रीव गोंड़, अखंड पटेल, मुन्द्रिका का पटेल, अर्जुन प्रसाद, गणेश पटेल, ओंकार ओंकार पटेल, विनय पटेल, नीतीश पटेल पंकज पटेल, सुधीर यादव, आनंद प्रसाद, नागेंद्र कुशवाहा और प्रेम कुशवाहा आदि मौजूद थे।