दुदही/गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गोड़रिया के संस्कृत विद्यालय के कैंपस में सोमवार को कार सीखने के दौरान प्रधानाचार्य ने महिला शिक्षक को टक्कर मार दी। इससे उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। बच्चे बाल-बाल बच गए। कार दीवार में टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल शिक्षिका को लोगों ने मेडिकल कॉलेज कुशीनगर पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन गोरखपुर के ही एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। डीआईओएस ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। गोड़रिया में संचालित श्रीमती चंद्रकाली संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दिन में करीब 11 बजे बच्चे पढ़ रहे थे। संविदा पर तैनात केवल छपरा निवासी शिक्षिका साधना सिंह मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं। इस दौरान कैंपस में कार चलाना सीख रहे प्रधानाचार्य नंद किशोर मिश्र ने शिक्षिका साधना को टक्कर मार दी। इसके बाद कार दीवार से जा टकरा गई।
संयोग ठीक रहा कि शिक्षिका के पास मौजूद बच्चे बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद प्रधानाचार्य कार लेकर भाग निकले। अचेत शिक्षिका को लोग मेडिकल कॉलेकज लेकर पहुंचे। इलाज व एक्सरे के बाद पता चला कि साधना सिंह का एक पैर टूट गया है। इसका ऑपरेशन करना पड़ेगा। इस बीच हादसे की जानकारी होने पर डीआईओएस श्रवण गुप्ता ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शिक्षिका से जानकारी हासिल की।
मंगलवार को दूसरे दिन विद्यालय में सिर्फ तीन बच्चे पढ़ने आए थे। शिक्षकों ने बताया कि 60 बच्चों का नामांकन है। विद्यालय के आसपास के लोगों का कहना है कि जब प्रधानाचार्य ही ऐसी हरकत करेंगे तो विद्यालय में कौन अपने बच्चों को पढ़ने के लिए भेजेगा। हादसे के बाद प्रबंधक विद्यालय पर पहुंचे और सभी अभिलेख अपने साथ वाहन में लेकर चले गए। विशुनपुरा थाने के प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।