फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी की हत्या लोगों ने की पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

Tue, 14 Jan 2025 12:08 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
दुदही(कुशीनगर)। बरवापट्टी थाना क्षेत्र के अमवाखास के टोला कपरधिक्का श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी 70 वर्षीय फलाहारी महराज की रविवार की रात हत्या कर दी गई।
विज्ञापन

बदमाशों ने शव सड़क के किनारे फेंक दिया था। गश्त कर रही पुलिस खून से लथपथ शव को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रात को ही पुलिस आनन-फानन में शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा दिया और गांव वालों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
भोर में मंदिर पर तैनात पुलिसकर्मियों को देख इसकी खबर गांव में फैल गई। मंदिर पर पहुंचकर ग्रामीणों ने पुलिस पर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंची फाॅरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूना लिया। एसपी संतोष कुमार मिश्रा और सीओ अमित सक्सेना घटनास्थल का निरीक्षण कर गांव वालों को माइक में बोलकर अपनत्व दिखाते हुए जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया। इसके बाद नाराज गांव वाले शांत हुए। साधु बाबा की हत्या से गांव वालों में आक्रोश है। देर शाम तक मंदिर पर पुलिस तैनात रही। बरवापट्टी से करीब एक किमी दूरी एवं बिहार से करीब 100 मीटर दूर अमवाखास टोला कपरधिक्का श्रीराम मंदिर पर करीब तीन दशक से फलाहारी दास बाबा पुजारी थे। वह मंदिर परिसर में ही रहते थे। रविवार को रात करीब नौ बजे उन्होंने कुछ लोगों के साथ भोजन किया और सोने चले गए।
विज्ञापन

रात करीब तीन बजे गश्त पर निकली पुलिस ने मंदिर के सामने सड़क पर फलाहारी बाबा का खून से लथपथ शव देखा। पुलिसकर्मी एंबुलेंस से पुजारी को दुदही सीएचसी पर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मंदिर परिसर और उनके आवास और बिस्तर पर भी खून के छींटे मिले। गांव वालों का आरोप है कि साधु की हत्या की सूचना पर रात को पहुंची बरवापट्टी पुलिस ने मंदिर के फर्श पर गिरे खून के छींटे को साफ करा दिया और उनका कपड़ा व बिस्तर हटवा दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर पुलिस कब्जे में ले लिया है।
गांव वाले सोमवार को सुबह करीब पांच बजे मंदिर पर परिसर में फूल तोड़ने गए तो पुलिस ने रोक दिया और साधु बाबा की हत्या की जानकारी दी। इसकी खबर गांव व इलाके में फैल गई। 500 से अधिक लोगों की भीड़ मंदिर पर जुट गई। गांव वाले पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। माहौल को देखते हुए मौके पर सीओ समेत छह थाने की पुलिस पहुंच गई। गांव वाले थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब नौ बजे पहुंचे एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने नाराज गांव वालों के बीच खड़े होकर माइक से अनाउंस कर हत्या का दुख जताते हुए अपनत्व दिखाया और जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने की बात कही। इसके बाद गांव वालों का गुस्सा शांत हुआ।
सूत्रों की मानें तो सीसीटीवी कमरे के डीवीआर से पुलिस को कुछ क्लू मिला है, जिस पर जांच कर रही है। एसपी ने घटना का पर्दाफाश करने के लिए तमकुहीराज सीओ के नेतृत्व में चार टीमें लगाई है। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टिया पुजारी की हत्या की गई है।
विज्ञापन

मंदिर पर लगे डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। कई सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें