तमकुहीरोड। बिजली निगम के कसया सर्किल के अधीक्षण अभियंता (एसई) वाईपी सिंह ने कहा कि सभी विद्युतकर्मी उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए लाइन लॉस रोकने और राजस्व बढ़ाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। इससे न केवल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बिलिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल उपलब्ध कराया जा सके।
बृहस्पतिवार को सेवरही ब्लॉक सभागार में आयोजित संविदाकर्मियों, मीटर रीडरों और बिलिंग एजेंसी के कर्मचारियों की बैठक को संबोधित करते हुए एसई ने बताया कि सेवरही डिवीजन के पांचों विद्युत उपकेंद्रों से प्रतिमाह करीब 22.50 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली की आपूर्ति की जाती है, जबकि इसके सापेक्ष राजस्व वसूली की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में सुधार लाना सभी कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) आरके गौतम, एसडीओ सेवरही धर्मेंद्र कुमार मल्ल और एसडीओ तमकुहीराज आशुतोष त्रिपाठी ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए लाइन लॉस कम करने, बिलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने और राजस्व संग्रह बढ़ाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जेई अवधेश कुमार, जेई विकास कुमार साहनी, जेई गोरख गुप्ता, जेई सुनील पासवान, संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अशोक राय, संदीप गुप्ता, अब्दुल आलम, सैयद अंसारी, फिरोज आलम, आजाद, सुरेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।