पडरौना। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में केंद्र निर्धारण की प्रकिया शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए बोर्ड की साइट पर अपलोड किए गए 368 विद्यालयों के विवरण का सत्यापन छह तहसीलों की बनी टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में कर रही हैं। सत्यापन के बाद इसे बोर्ड की साइट पर अपलोड किया जाएगा। उसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वर्ष 2027 में होने वाली हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा की तैयारी शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। हाल ही में बोर्ड ने परीक्षा केंद्र बनाने के लिए विद्यालयों के प्रस्ताव ऑनलाइन अपलोड कराए गए थे। जिसमें 368 विद्यालयों ने अपने-अपने विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का विवरण अपलोड किया था। इन स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों की जांच करने के लिए डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में छह तहसीलों पडरौना सदर, कसया, हाटा, तमकुहीराज, कप्तानगंज और खड्डा में एसडीएम के नेतृत्व में टीम गठित की गई है।
टीम में तहसीलदार, सहायक अभियंता और जीआईसी के प्रवक्ता शामिल हैं। चार सदस्यीय इन समितियों ने विद्यालय का भौतिक सत्यापन शुरू कर स्कूलों का सत्यापन करते हुए वहां उपलब्ध संसाधनों की जांच कर बोर्ड की साइट पर अपलोड कर दिया है। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि तहसील स्तरीय गठित जाम टीम की तरफ से मिली रिपोर्ट बोर्ड की साइड पर अपलोड कर दिया गया है। अब उपलब्ध संसाधनों के आधार पर माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से परीक्षा केंद्र का निर्धारण किया जाएगा। बोर्ड की तरफ से परीक्षा केंद्र निर्धारण के अनुसार परीक्षा संपन्न कराई जाएंगी।