दहारी पट्टी गांव में ट्रांसफार्मर में लगा आग।स्रोत-सोशल मीडिया
- फोटो : Archive
जोकवा बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के दहारी पट्टी गांव में बिजली व्यवस्था विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ गई है। गांव में एक माह के भीतर आठवीं बार ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से ग्रामीणों में बिजली निगम के प्रति आक्रोश है।
गांव वालों ने बताया कि गांव में विद्युत भार लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण आए दिन फाल्ट होता रहता है। गांव में बिजली के तार भी जर्जर हो चुके हैं। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने और जर्जर तारों को बदलने की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में जेई, एसडीओ समेत बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार पत्रक दिया गया। फोन के माध्यम से भी समस्या की जानकारी दी गई लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।
एक माह में आठवीं बार ट्रांसफार्मर जलने से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने और जर्जर तारों को बदलने की कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इंजीनियर श्रवण कुमार गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य रामभरोसा कुशवाहा, मनोज, संजय शर्मा, सिकंदर कुशवाहा, आलोक शर्मा, रामनारेश यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है।