कसया। भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बुधवार को भी 132 केवी उपकेंद्र में जला 63 एमवीए का ट्रांसफार्मर नहीं लगा सका। इससे जुड़े 13 उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ट्रांसफार्मर जलने से रामकोला, पडरौना, कसया, सबया, कुशीनगर आदि उपकेंद्रों से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। निगम के अधिकारियों का कहना है कि नए ट्रांसफार्मर से रविवार तक आपूर्ति बहाल हो सकती है।
इस समय बिजली घर से एक ही ट्रांसफार्मर से सभी उपकेंद्रों को सप्लाई दी जा रही है। ओवरलोड की वजह से यह दिक्कत हो रही है। हालांकि, ट्रांसफार्मर आ गया है उसको सही करके सुचारु आपूर्ति के प्रयास में निगम के अधिकारी लगे हैं। भीषण गर्मी में बच्चे और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक्सईन आरके सिंह ने बताया कि नगर के उपभोक्ताओं को रोस्टर के मुताबिक 18 घंटे बिजली दी जा रही है। दिन में हवा चलने, ओवरलोड और अन्य कारणों से कटौती हो जाती है। बिजली घर में ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। रविवार तक उसके चालू हो जाने की उम्मीद है।
अघोषित कटौती बंद करने की मांग
उजारनाथ। बेतहाशा गर्मी की वजह से लोग परेशान हैं। ऐसे में क्षेत्र में हो रही बिजली अघोषित बिजली कटौती लोगो को सांसत में डाल दिया है। शेड्यूल के अनुसार लोगों को बिजली नहीं मिलने से नाराज लोगों ने अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग की है।
फाजिलनगर फीडर से क्षेत्र के जवार, भैंसहा, करमैनी, रामकोला, चन्द्रौटा, मठिया आदि गांव में बिजली आपूर्ति होती है। फिडर की तरफ से अघोषित बिजली कटौती होने से महज चार घंटे ही बिजली मिल पा रहा है। जवार निवासी रामप्रवेश शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। रात में केवल एक घंटे ही बिजली मिल रही है। भैंसहा निवासी धर्मेंद्र वर्मा ने कहा कि फाजिलनगर विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति बदहाल हो गई। रात में बिजली नहीं होने से नींद पूरी नहीं हो रही है। इस संबंध में फाजिलनगर विद्युत उपकेंद्र के जेई शशिकपूर ने कहा कि कसया में पावर ट्रांसफार्मर जलने के कारण वहीं से एक-दो घंटे के लिए बिजली आपूर्ति मिल रही है। शीघ्र ही बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।