पडरौना। गोरखपुर नगर निगम के सफाईकर्मी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। शव कई दिन पुराना होने के कारण कंकाल बचा था। इसका एक्सरे कराया गया, लेकिन शरीर की कोई भी हड्डी नहीं टूटी है और न ही सिर में चोट का कोई निशान है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हड्डी का नमूना डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा। उससे मौत का कारण का स्पष्ट होगा।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के धनहा गांव निवासी 32 वर्षीय योगेश घर से एक सप्ताह पूर्व गायब हो गया। उसका शव पड़री में बुधवार को सुबह झाड़ियों में मिला था। परिजनों से वह लकड़ी काटने जाने की बात कह घर से साइकिल से निकला था। शव मिलने के बाद परिजनों से हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग किया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात मौके पर कही। शव कई दिन पुराना होने के कारण सिर्फ कंकाल बचा था। बुधवार की शाम को एक्सरे कराया गया।
बृहस्पतिवार की शाम को रिपोर्ट आई कि शरीर की एक भी हड्डी टूटी नहीं है और चोट का निशान नहीं है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता नहीं चली तो डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। डीएनए जांच में मौत की वजह की पुष्टि हो जाएगी। परिजन योगेश की पहचान पास में पड़े चप्पल व कपड़े से किए थे।
पुलिस परिवार के सदस्यों का डीएनए कराएगी। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि परिजन तहरीर अभी तक नहीं दिए हैं। सफाईकर्मी के मोबाइल लोकेशन से घटना की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। डीएनए जांच रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता चलेगा।