खड्डा। बिहार से यूपी में प्रवेश करने वाले राम भक्तों के सुरक्षा में तैनात पुलिस उनका मिठाई खिलाकर प्रदेश में स्वागत करेगी। इसके लिए पुलिस ने सालिकपुर पुलिस चौकी पर खास इंतजाम किया है।
22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने बिहार और नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एनएच-727 के रास्ते जाएंगे। इस रास्ते वे खड्डा थाना क्षेत्र के सालिकपुर पुलिस चौकी के पास यूपी सीमा में प्रवेश करेंगे। इन राम भक्तों को कोई कष्ट न हो इसका ख्याल रखते हुए कुशीनगर जनपद की खड्डा थाने की सालिकपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने खास तैयारी की है। चौकी के पास टेंट लगाया गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए मिठाई और नाश्ता का पर्याप्त इंतजाम किया गया है। सालिकपुर पुलिस चौकी के प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस के तरफ से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की है।