कुशीनगर। बाजारों और बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापारियों और बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक की। बुधवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में बाजारों में भीड़, दुकानदारों द्वारा सड़क की पटरियों पर सामान रखने से यातायात में आ रही बाधा और सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। पुलिस ने व्यापारियों से सहयोग और आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
एसपी केशव कुमार के निर्देशन में सीओ कार्यालय के वीरेंद्र कुमार सिंह ने व्यापार मंडल व समितियों के पदाधिकारियों तथा बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक की। इस दौरान बाजारों और बैंकों में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में एचडी नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की। कैमरों की दिशा मुख्य प्रवेश द्वार और आने-जाने वाले रास्तों की ओर रखने तथा उनकी रिकॉर्डिंग समय-समय पर जांचने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि स्पष्ट फुटेज होने से किसी घटना के बाद संदिग्धों की पहचान करने और अपराध के खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण मदद मिलती है। बैठक में व्यापारियों से दुकानों के बाहर सड़क अथवा पटरियों पर सामान न रखने की अपील की गई, ताकि बाजारों में आवागमन बाधित न हो। साथ ही बैंक प्रबंधकों को भी सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने और साइबर अपराध के प्रति ग्राहकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।