पडरौना। कुबेरस्थान थाने की पुलिस ने जून महीने की 10 तारीख को बालक का अपहरण कर हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। हरैया बुजुर्ग के बालक का आरोपी ने बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया था। उसे बाद में रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के मोतीललहा में ले जाकर नहर में गला घोटकर हत्या कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को हत्या की जानकारी हुई। इस मामले में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या आदि की धाराओं को बढ़ाते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने लगी। शनिवार को पुलिस ने कठकुइयां रेलवे क्रासिंग के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कुबेररस्थान थाने के एसएचओ अजय कुमार मौर्य ने बताया कि 10 जून को थाना क्षेत्र के हरैया बुजुर्ग गांव निवासी बिठल यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके 11 वर्षीय पुत्र पवन यादव का किसी ने अपहरण कर लिया है। इस सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण का केस दर्ज कर बालक की तलाश में जुट गई। अगले दिन 11 जून की सुबह बालक पवन यादव का शव रविन्द्र नगर धूस थाना क्षेत्र के मोतीललहा नहर में मिला था। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि अपहरण का बालक की हत्या की गई है। इसके बाद मामले में दर्ज केस में हत्या आदि की धाराओं को बढ़ाते हुए पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में जुट गई। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कठकुइयां रेलवे स्टेशन के समीप क्रासिंग पर है और वह कहीं भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस वहां पहुंच गई और हत्यारोपी विकास यादव निवासी भरपटिया थाना पिपरासी जिला प. चम्पारण (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया है कि पवन को वह बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया था, जिसे बाद में उसने मोतीललहा के नहर में ले जाकर गला घोटकर हत्या कर दी थी। आरोपी के पास से एक बाइक, 1200 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ के अलावा एसआई रामप्रवेश सिंह, ओमप्रकाश यादव, कांस्टेबल अभिलाष यादव, संतोष कुमार यादव, विरेन्द्र सिंह, श्रवण कुमार यादव शामिल रहे।