पडरौना। बोलेरो को मॉडिफाई कराकर पशुओं की तस्करी करने वाले चार पशु तस्करों को पडरौना कोतवाली पुलिस ने परसौनी बंधे के पास रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दो गोवंश को पुलिस ने मुक्त कराया। तस्करों के पास से चार धारदार हथियार, दो तमंचा, चार मोबाइल और लकड़ी का ठीहा पुलिस ने बरामद किया। चारों तस्कर कुशीनगर जिले के रहने वाले हैं। कुशीनगर के रास्ते बिहार में होने वाली पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने बाॅर्डर क्षेत्रों पर घेराबंदी कर दी है। बावजूद इसके तस्कर नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा दे रहे हैं। तमकुहीराज सीओ अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि पडरौना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि परसौनी बंधे से पशुओं को लेकर तस्कर बिहार जा रहे हैं।
कोतवाल रवि राय के नेतृत्व में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी की। एक बोलेरो को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोका तो इसमें लोगों के बजाए दो गोवंश पशु मिले। वाहन में सवार चारों पशु तस्करों को पुलिस ने नीचे उतारा और तलाशी ली तो इनके पास से दो तमंचा, चार धारदार हथियार मिले। इसकी पहचान पुलिस ने पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया बनवीरपुर गांव निवासी सद्दाम अली पुत्र इरशाद अली, जंगल अमवा निवासी रफीक अली, बसहिया बनवीरपुर निवासी परवेज आलम, कुबरेस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा हरदो निवासी अलाउद्दीन के रूप में की।
पिकअप पर बढ़ी सख्ती के बाद पशु तस्कर बोलेरो को मॉडिफाई कराकर दो-दो पशुओं को लादकर बिहार में पहुंचाते हैं। ऐसे देखने में वाहन पर कोई संदेह भी नहीं करेगा कि इसमें गोवंश पशु हैं। क्यों कि आगे का छोड़ पीछे की सभी सीटें निकाल दी गईं हैं। सद्दाम अली पर पडरौना कोतवाली में दो, परवेज आलम पर पडरौना कोतवाली में एक केस दर्ज है।