बोरियों में मिली कच्ची शराब के पैकेट
- फोटो : अमर उजाला
कुबेरस्थान। कसया थाना क्षेत्र के शिवपुर चौराहे के निकट पॉलीथीन में पैक की गई तीन बोरी कच्ची शराब पुलिस ने बरामद की। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया और थाने लेकर चली गई।
शनिवार को दिन के लगभग दो बजे सखवनिया गांव के नूरी टोला निवासी एक मुस्लिम व्यक्ति की मौत हो गई थी। उनके शव को सुपुर्द ए खाक करने के लिए शिवपुर चौराहे के निकट पहुंचे लोगों ने कब्रिस्तान से कुछ दूरी पर झाड़ियों में प्लास्टिक की बोरियों के साथ कुछ लोगों को बैठे देखा। इन लोगों को अपनी ओर आते देख बोरियों को छोड़कर वे भाग निकले। संदिग्ध सामान देखकर लोगों ने उन व्यक्तियों को दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। बोरियां खोलकर देखी गईं तो उनमें कच्ची शराब पैक की गई थी। इसकी सूचना लोगों ने कसया पुलिस को दी।
इस संबंध में एसओ कसया उमाशंकर यादव का कहना था कि कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है। जो भी लोग इस अवैध धंधे में संलिप्त पाए जायेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।