पडरौना। खड्डा थाना क्षेत्र के मदनपुर सुकरौली गांव निवासी सुग्गन चौहान की विदेश में काम करने के दौरान सीढ़ी से गिरकर मौत हो गई। इसकी जानकारी साथ काम करने वाले दोस्तों ने दी तो घर वालों में चीख-पुकार मच गई। परिजन कंपनी के साथ वहां मौजूद दोस्तों के संपर्क में हैं और शव आने का इंतजार कर रहे हैं।
मदनपुर सुकरौली गांव निवासी सुग्गन चौहान दुबई में ढाई वर्ष पूर्व नरेस्को कंपनी में काम करने गए थे। वहां पर वह कारपेंटर का काम करते थे। शुक्रवार को विदेश से सुग्गन चौहान (55) सीढ़ी से गिरकर गए, दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घर वाले शव आने का इंतजार कर रहे हैं। पत्नी सेवरा देवी ने पति का शव घर मंगाने के लिए सांसद, विधायक और विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है। मृतक के तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो गई है। जबकि दो बेटा मुन्ना 20 और सन्नी 18 हैं। सुग्गन घर का अकेला कमाऊ सदस्य था।