फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रावण मास के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावण मास के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विज्ञापन

- घंटा, शंखध्वनि और श्रद्धालुओं के हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे शिवालय
पडरौना। 26 जुलाई को श्रावण मास का पहला सोमवार था। इस अवसर पर सुबह से ही जिले के सभी शिवमंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। घंटाध्वनि, शंख और श्रद्धालुओं के हर-हर महादेव के जयघोष से सभी शिवालय गूंजते रहे। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने धूप, अगरबत्ती, दूध, दुर्बा, अक्षत, बेलपत्र, भांग, धतूर आदि शिवलिंग को अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रावण मास के पहले सोमवार को नगर के भारतीय शिवाला मंदिर, बुढ़िया माई मंदिर स्थित शिव मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर परिसर में स्थापित शिवमंदिर, लमुहा स्थित शिवमंदिर, छावनी स्थित भन्नुनाथ एवं महादेव शिवमंदिर, करहियां शिवमंदिर, बालखंडी स्थित शिवमंदिर समेत पडरौना नगर समेत आसपास के सभी शिवालयों में ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हुआ तो यह क्रम देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान मंदिर परिसर में मेला लगा रहा है। मंदिर से श्रद्धालुओं को बार-बार कोरोना गाइड के पालन के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों से आग्रह किया जा रहा था।
विज्ञापन

कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार श्रावण मास के प्रथम सोमवार को प्राचीन कुबेरस्थान शिवमंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवभक्त मंदिर आने लगे। श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया था। श्रद्धालु भक्तिभावना के साथ बेलपत्र, गंगा जल, गाय का दूध, दुर्बा, कनेर पुष्प, मदार पुष्प, गुड़, घी, अक्षत, शहद, रोड़ी, गुलाल आदि पूजन सामग्री के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। महिलाएं व्रत रखकर मांगलिक गीत गाते हुए ब्रह्मबेला से ही मंदिर में पहुंचकर पूजा कीं। शिवभक्तों की सुविधा तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के उद्देश्य से मंदिर प्रशासन ने भोर में ही मंदिर के कपाट को खोल दिया था। इसके बाद मंदिर पहुंचे श्रद्धालु सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते रहे। यहां एसओ कुबेरस्थान उमेश कुमार की अगुवाई में महिला थाने से नौ एसआई, 27 कांस्टेबल और 13 महिला कांस्टेबल को तैनात किया गया था। इस दौरान मंदिर परिसर में मेला जैसा माहौल रहा है। गुब्बारे और खिलौने की दुकानों पर अभिभावकों के साथ बच्चे खरीदारी करते दिखे।
अहिरौली बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सभा सेंदुआर में स्थित प्रसिद्ध झारखंडी शिव मंदिर में श्रावण के पहले सोमवार को भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। झारखंडी शिव मंदिर में दूर-दूर से भक्त दर्शन कर मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भगवान शिव की आराधना करते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अहिरौली बाजार थाने के एसओ संजय कुमार सिंह, एसआई चंद्रशेखर सिंह, हेड कांस्टेबल इंद्रजीत यादव, कांस्टेबल विपिन द्विवेदी समेत कई पुलिस कर्मी तैनात रहे।
मंदिर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
टेकुआटार। क्षेत्र के अमवाधाम शिव मंदिर में श्रावण मास के पहले सोमवार को जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। मंदिर परिसर में पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक के लिए शिव भक्तों तांता लगना शुरू हो गया था। शिवमंदिर के पुजारी रामनरेश दास ने बताया कि करीब चार बजे से ही जलाभिषेक प्रारंभ हुआ है। श्रावण माह में शिवमंदिर की महत्ता को देखते हुए काफी दूर-दूर से शिव भक्त जल चढ़ाने के लिए आते हैं। शिव भक्तों ने बेल पत्र, अक्षत, गुड़, अमरूद, फूल, गन्ना आदि से अर्पित कर उनसे मन्नते मांगीं। मंदिर परिसर शिवभक्तों के हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा था।
गाजे-बाजे के साथ निकाली गई शोभायात्रा
तमकुहीरोड। विरवट कोंहवलिया गांव में शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा बाघाचौर गांव के पास गंडक नदी के किनारे पहुंची। वहां जल भरकर शिव मंदिर में जलाभिषेक किया गया।
क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में भी भगवान शिव की पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने सुख समृद्धि की कामना के साथ कोरोना महामारी से निजात दिलाए जाने की मन्नतें मांगी। इसी तरह बाबा पंचेश्वरनाथ शिव मंदिर, शिवाघाट, विश्वकर्मा शिव मंदिर लोहा मंडी, रामजानकी मंदिर पुरानी पुलिस चौकी चौराहा, बाबा विंदेश्वरीदास शिव मंदिर पकड़ीयार पूरब पट्टी, जीन बाबा का स्थान, बिजली घर, राजेंद्र नगर, गल्ला मंडी, राजपुर खास, अहिरौलीदान, अहिरौली मिश्र, दुबौली, पिपराघाट, व्रह्मपुर, बभनौली, राजपुर बगहा, सुमही संतपट्टी, कत्तौरा समेत अन्य गांवों के शिव मंदिरों में भी सोमवार को सुबह से ही शिव भक्तों का तांता लगा रहा।
बाबा विरेश्वरनाथ महादेव मंदिर में लगी रही भीड़
रगड़गंज। शिवसरेया स्थित बाबा विशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा रहा। उन्होंने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। यहां अखंड कीर्तन का आयोजन भी किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पटहेरवा थाने के पुलिसकर्मी तैनात रहे। इस दौरान भगवान तिवारी, प्रभुनाथ तिवारी, गोपाल गुप्ता, डॉ. अनिरुद्ध कुशवाहा, रुदल प्रसाद, सुभाष तिवारी आदि उपस्थित थे।
विज्ञापन

पथलेश्वरनाथ मंदिर में हुआ जलाभिषेक
छितौनी। पनियहवा स्थित पथलेश्वरनाथ शिवमंदिर में सोमवार को जलाभिषेक के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। प्रशासन ने यहां भी कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए कड़े प्रबंध किए थे। मंदिर में जलाभिषेक करने आए श्रद्धालु संजय हमदर्द, संजय शर्मा, अनूप श्रीवास्तव, नंदरानी देवी, शीला देवी, अंजली हमदर्द, पूनम पटेल ने कहा कि यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां मांगी गई मुरादें जरूर पूरी होती हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें