पडरौना। शहर में दो दिन की छट्टी के बाद सोमवार को जाम की स्थिति रही। सुबह से ही शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। यह सिलसिला दिन भर रुक-रुक कर जारी रहा। दफ्तर और अपने दैनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय सहित शहर में आने-जाने वाले लोग सुभाष चौक से छावनी तक करीब एक किलोमीटर तक ट्रैफिक में फंसे रहे।
आलम यह रहा कि शहर के मुख्य चौराहों को पार करने में लोगों को 30 से 40 मिनट तक का समय लगा। जाम को खत्म कराने में ट्रैफिक पुलिस बाजार सहित चौक व चौराहों पर आवागमन के लिए जगह-जगह तैनात रही। खासकर शहर के बाजार क्षेत्र के अलावा सुभाष चौक, गंडक नहर कॉलोनी, तिलक चौक, छावनी में तहसील के सामने, धर्मशाला रोड, बेलवा चुंगी मार्ग पर पैदल चलना दूभर हो गया। शाम तक व्यवस्था किसी तरह सामान्य हो पाई।
यातायात पुलिस जाम की स्थिति को संभालने के लिए कोशिश करती नजर आई, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्था संभल नहीं पाई। कई स्थानों पर एंबुलेंस व अफसरों के वाहन भी जाम में फंसे रहे। सोमवारी जाम तो शहर में लगता ही है, लेकिन इसके अलावा बाकी दिनों में भी जाम लगता है।