रहसूजनोबीपट्टी में पट्टे पर कब्जा के लिए धरना देते ग्रामीण ।स्रोत-सोशल मीडिया
जौरा बाजार। क्षेत्र के रहसूजनोबीपट्टी गांव में कृषि पट्टे की जमीन पर 32 वर्ष बाद भी कब्जा नहीं मिलने से नाराज पट्टाधारकों ने पंचायत भवन परिसर में सोमवार को धरना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि पट्टी जमीन पर कब्जा मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अविनाश गोंड़ ने कहा कि 1994 में गांव के 177 भूमिहीनों को कृषि योग्य भूमि का पट्टा देकर कब्जा भी दिलाया गया, लेकिन गांव के दबंगों ने उस जमीन पर किसी पट्टेदार को खेती नहीं करने दी। जबरन वह पूरी जमीन अपने कब्जे में लेकर आज भी खेती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पट्टी में मिली जमीन कुड़वा स्टेट की है, जो सिलिंग में रिजर्व होने के बाद भूमिहीनों को पट्टा दिया गया था। सपा नेता प्रियेश गोंड़ का कहा कि कुछ लोग जमीन पर स्टे लेने की बात कह रहे हैं। यदि पट्टी की जमीन पर स्थगनादेश है, तो प्रशासन उसका प्रमाण दिखाए, नहीं तो कब्जा दिलाए।
इस दौरान सिंहासन, शिवबचन, रविंद्र, चंद्रिका, विद्यासागर, रामचंद्र, लक्षण, गायत्री देवी, प्रभावती, मीना देवी, सरस्वती, अकली, राजपति देवी आदि मौजूद रहीं।