ओटीएस में उपभोक्ताओं की नहीं दिख रही रुचि
- उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए कर्मचारी कर रहे हैं प्रचार
- 30 जून तक शासन ने तय की है समय सीमा, सरचार्ज में सौ फीसदी छूट
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन की तरफ से बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने वाली सौ प्रतिशत सरचार्ज माफी के साथ चल रही एक मुश्त समाधान योजना 30 जून के समाप्त हो जाएगी। चार दिनों के भीतर ही बकाया जमा कराकर बिजली उपभोक्ता लाभ उठा सकते हैं। हालांकि इस योजना का लाभ लेने के प्रति उपभोक्ताओं में कोई रुचि नहीं नजर आ रही है। उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए बिजली निगम के कर्मचारी प्रचार-प्रसार करने में लगे हैं। सेवरही में बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ संविदा कर्मचारी भी गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जानकारी देते हुए योजना का लाभ उठाने की अपील कर रहे हैं।
पहली जून से 30 जून तक उत्तर प्रदेश विद्युत पावर कारपोरेशन घरेलू और पांच किलोवाट के वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को सौ प्रतिशत सरचार्ज में छूट के साथ एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शुरू की गई। इस योजना के लाभ के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण कराना जरूरी नहीं है। यही नहीं इस योजना के तहत सभी विद्युत उपभोक्ताओं को अधिभार में सौ प्रतिशत की छूट मिलेगी। एक लाख तक बकायेदार अपना बकाया विद्युत राजस्व का भुगतान छह बार में कर सकते हैं। जबकि एक लाख से अधिक के बकायेदार अपना भुगतान बारह किस्तों में कर सकते हैं।
बिजली कर्मचारी लगा रहे कैंप, दे रहे जानकारी
सेवरही विद्युत वितरण खंड क्षेत्र के तमकुहीरोड, दुदही, तरयासुजान व तमकुहीराज उप केंद्रीय क्षेत्र में कर्मचारी जगह-जगह प्रचार-प्रसार में लगे हैं। विद्युतकर्मी जगह- जगह कैंप लगाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इस संबंध में सेवरही विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सुजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना की अवधि 30 जून को समाप्त होने वाली है। उन्होंने सभी प्रकार के विद्युत बकायेदारों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।