-अहिरौली गांव के कनौरा से सिसवा गोइती जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त, आवागमन में हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के अहिरौली गांव के कनौरा से सिसवा गोइती को जोड़ने वाली मुख्य सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर शुक्रवार को गांव के लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि करीब एक किमी इस सड़क का निर्माण कराना आवश्यक हो गया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार इस सड़क के निर्माण को लेकर रूचि नहीं दिखा रहे हैं।
कनौरा निवासी आनंद मिश्र, दयाशंकर मिश्र, राधे भारती, चेतन गुप्त, राजकिशोर शर्मा, विद्यार्थी भारती, रामनिवास राजभर ने बताया कि कई वर्ष पहले करीब एक किमी सड़क पर इंटरलॉकिंग करवाया गया था, जो अब टूटकर गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। इससे आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष और डीएम से एक किमी आरसीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग की जा चुकी है। बावजूद इसके किसी ने निर्माण को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई है। गांव वालों ने शीघ्र सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है।