दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही-सेवरही मार्ग पर कतौरा मोड़ पर शुक्रवार को दोपहर में एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने राहगीर को टक्कर मार दी।
इससे राहगीर की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक युवक घायल हो गया। घायल युवक का दुदही सीएचसी पर इलाज कराया गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के कतौरा गांव निवासी राम नरेश (55) सड़क किनारे खड़े थे, तभी सेवरही की तरफ से तीन युवकों से भरी एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे उन्हें टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर में राम नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दुदही सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक तीन पुत्रों के पिता थे और परिवार के अकेले कमाने वाले व्यक्ति थे। हादसे के समय बाइक पर तीन युवक सवार थे। इनमें से एक रिजवान, निवासी नरहवा घायल हो गया है। अन्य दोनों बाइक सवार युवकों को हल्की चोट आई, जहां अब तीनों का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह रही। थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाइक कब्जे में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।