तमकुहीरोड। सेवरही चीनी मिल इस साल गेट की पर्चियों पर गन्ने की पेराई तीन अलग-अलग शिफ्ट में करने की तैयारी की है। चीनी मिल ने एक सर्कुलर जारी कर गन्ना किसानों को जागरूक करने का कार्य तेज कर दिया है। इसका पहला शिफ्ट रात में 12 बजे से सुबह 8 बजे तक, दूसरा शिफ्ट सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक और तीसरा शिफ्ट शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक होगा। मिल प्रबंधन का कहना है कि इससे गेट पर गन्ने के ट्राॅलियों की भीड़ और सड़कों पर जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी।
सेवरही चीनी मिल वर्ष 2025-2026 के पेराई सत्र को लेकर सभी आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है। नवंबर के अंतिम सप्ताह से चालू होने की संभावना है। इस साल चीनी मिल गन्ने से लदी गाड़ियों की भीड़ व जाम की समस्या से निजात को लेकर एक नये नियम लागू करने जा रहा है और उसके लिए एक सर्कुलर जारी कर दिया गया है, जिसमे बताया गया है कि चीनी मिल इस साल गेट की पर्चियों पर गन्ने की पेराई तीन अलग अलग शिफ्ट में करेगा। पहला शिफ्ट रात 12 बजे से सुबह 8 बजे के बीच का होगा, जिसमे सेवरही, तरयासुजान व कठकुइया के गन्ना किसान शामिल होंगे, जिनके पास गेट की पर्ची होगी और उन्ही के गन्नों की पेराई की जाएगी, जबकि दूसरा शिफ्ट सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक का होगा, इसमे पिपराघाट,गौरी शुक्ल, खानगी, कोटवा,लक्ष्मीपुर,मथौली,परसा, परसौनी सहित अनेक गांव शामिल होगे। इन गांवों के जिन किसानों के पास गेट की पर्ची होगी, उन्ही के गन्नों की पेराई की जाएगी।
इसी तरह तीसरा शिफ्ट शाम 4 बजे से रात 12 बजे के बीच का होगा। जिसमे गौरी नरोत्तम, राजपुर बगहा,कतौरा,कोईन्दी बुजुर्ग, सुमही संतपट्टी, सेवरही, सुमही संग्राम सहित अनेक गांवों को शामिल किया गया है। इन गांवों के जिन गन्ना किसानों के पास गेट की पर्ची होगी, वह अपना गन्ना चीनी मिल में गिरा सकते है। वैसे क्षेत्र के गन्ना किसान इस नए नियम को लेकर अभी असमंजस में है, लेकिन चीनी मिल के उप गन्ना महाप्रबंधक पीएन शाही का कहना है कि गन्ना किसानों के हित में इस नियम को लागू किया जा रहा है। इससे गेट पर गन्ने से लदी गाड़ियों की अनावश्यक भीड़ व जाम की समस्या से भी निजात मिल सकती है। इसमें किसी किसान को कोई समस्या आती है तो उसका निदान कराया जाएगा।